महराजगंज। जिले के फरेंदा ब्लॉक के ग्राम पंचायत उदितपुर के ग्राम प्रधान नीरज कुमार जायसवाल और उनकी पत्नी संगीता कुमारी को दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने बताया कि आर्थिक सलाहकार पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार व निदेशक पंचायती राज विभाग की ओर से आगामी 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर जिले के विकास खंड उत्तर प्रदेश के पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस बार राज्य से कुल 106 पंचायत प्रतिनिधि, जिनमें ग्राम पंचायतों के प्रमुख और उनके जीवनसाथी को शामिल करने के लिए नामित किया गया हैं। इसके लिए जिले के विकास खंड फरेंदा के ग्राम पंचायत उदितपुर के ग्राम प्रधान नीरज कुमार जायसवाल और उनकी पत्नी संगीता कुमारी को गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय परेड में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह निर्णय ग्राम पंचायत में चल रही योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर लिया गया है। संवाद