फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: विकास के अधूरे कार्यों और दूषित पेयजल की शिकायत पर भड़के प्रभारी मंत्री

Tue, 28 Mar 2023 01:19 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महाराजगंज
विज्ञापन
विज्ञापन
आयुष, खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन मंत्री दयाशंकर मिश्र की अध्यक्षता में हुई जिला योजना की बैठक, शिक्षक विधायक के सवालों में उलझे अधिकारीकॉ
विज्ञापन


कॉमन इंट्रो
आयुष, खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन मंत्री दयाशंकर मिश्र ने जिला योजना समिति की बैठक में अफसरों को विकास कार्य अधूरे रहने पर हिदायत दी। कहा कि विकास कार्यों में मानक का हर हाल में ध्यान दें। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए कहा।उन्होंने भगवान बुद्ध की ननिहाल बनर्सिहा कला में लगी चौपाल में इंडिया मार्क हैंडपंप से दूषित जल आने की शिकायत पर 24 घंटे में ठीक कराने के निर्देश दिए। पेंशन, आवास, नलकूप, सड़क आदि की शिकायतें मिलने पर अफसरों को फटकार लगाई। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और प्राथमिक शिक्षा की भी जानकारी ली। उन्होंने गांव में पुरातत्व विभाग की ओर से की गई खुदाई का भी अवलोकन किया। कहा कि देवदह का नाम विश्व मानचित्र पर अंकित होगा। इस दौरान गांव के लाेगों ने यहां म्यूजियम बनाने की मांग भी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी। गांव में बन रहे विपस्यना भवन की धीमी गति पर बिफर पड़े। कार्यदायी संस्था और विभाग को चेतावनी दी। उधर, उद्याेग बंधुओं के साथ हुई बैठक में जिले मेंं बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की बात अफसरों से कही। कहा कि आवासीय रूप से प्रयुक्त भूखंडों को निरस्त करने के लिए नोटिस जारी करें। एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं में लैपटॉप भी वितरित किए।

संवाद न्यूज एजेंसी

महराजगंज। जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जिले में कराए जाने वाले विकास कार्य अधूरे रहना समाज के लिए कलंक है। अफसरों को चेताया कि विभागीय अधिकारी निर्माण कार्यों को मानक व गुणवत्ता के अनुरूप पूरा कराएं। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कृत्रिम गर्भाधान के लिए धन की मांग की शिकायत मिलने पर ऐसे पशु मित्रों की सेवा समाप्त करने के लिए कहा। बोरिंग का सत्यापन कराने के लिए कहा। पौधरोपण कार्यक्रम के बारे में डीएफओ पुष्प कुमार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2022-23 की तीन अरब 85 करोड़ 63 लाख के परिव्यय को अनुमोदित किया गया।
विज्ञापन

शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से पूछा कि मुख्य मार्ग से जुड़े 250 से अधिक जनसंख्या वाले मजरों की संख्या बताएं तो वह बगलें झांकने लगे। वहीं, उपायुक्त मनरेगा यह बताने में अक्षम रहे कि मनरेगा से बने आदर्श जलाशय की ऊंचाई का स्तर क्या है। शिक्षक विधायक ने कहा कि जिले के चिकित्सालयों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है। अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग तमाशबीन बना हुआ है। प्रभारी मंत्री ने इस पर सीएमओ को टीम बनाकर अवैध सेंटरों की जांच कराने के निर्देश दिए। शिक्षक विधायक ने 10 बजे बैठक में बुलाने तथा एक घंटे तक बिना सूचना के बैठाने का मामला उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न किए जाने के लिए कहा। प्रभारी मंत्री ने परिषदीय स्कूलों में समय से किताबों की उपलब्धता के बारे में पूछा। इस पर प्रभारी बीएसए के संतोषजनक जवाब न देने पर नाराजगी जताई।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि जंगल के किनारे तार-बाड़ न होने से किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल ने मनरेगा में जेसीबी के प्रयोग को रोकने की बात कही। नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने वन क्षेत्रों में रहने वाले गरीबों को अनावश्यक रूप से परेशान न किए जाने का मामला उठाया।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने भी निर्माण कार्यों को तीव्र गति से पूरा कराने की बात कही। जिला पंचायत सदस्यों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को दूर कराने की मांग की। प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर अमल करते हुए कार्य करने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।
संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश बनेगा देश के विकास का इंजन
प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ने प्रेसवार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश देश के विकास का इंजन बनेगा। केंद्र व प्रदेश सरकार की बेहतर नीतियों की बदौलत प्रदेश की छवि में सुधार हो रहा है। पहले प्रदेश जहां आपराधिक कृत्यों के कारण जाना जाता था, वहीं, भाजपा शासन में सुशासन, अनुशासन व विकास के लिए। निवेशकों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने उचित माहौल बनाया है। सभी उसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद, एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज के माध्यम से स्वरोजगार व चिकित्सा सुविधा को बढ़ावा देने का प्रयास जारी है।





खराब हैंडपंप 24 घंटे के अंदर ठीक कराएं

लक्ष्मीपुर। क्षेत्र के बनर्सिहा कला में चौपाल कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ने पेंशन, आवास, नलकूप, सड़क, किसान सम्मान निधि, सरकारी गल्ले की दुकान, स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक शिक्षा की विस्तार से जानकारी ली। इंडिया मार्क हैडपंप से दूषित पेयजल की शिकायत राधेश्याम ने की। इसपर मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि 24 घंटे में ठीक कराएं। प्रधानमंत्री आवास नहीं मिलने की ग्रामीणों ने शिकायत की तो मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या हो निसंकोच अपनी बात कहें। मंत्री ने गोदभराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। संवाद -

बनर्सिहा कला देवदह विश्व के मानचित्र पर होगा दर्ज

लक्ष्मीपुर। जनपद प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र उर्फ दयालु ने बनर्सिहा कला के बौद्धकालीन टीले का निरीक्षण किया। उन्होंने हर टीले को देखा। पुरातत्व विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। कहा कि यहां पुरातत्व विभाग ने जितनी भूमि संरक्षित की है। उनमें जितने भी टीले, पोखरे, कुएं, महल अवशेष हैं, उनका पूरा विवरण तैयार किया जा रहा है। उसके बाद उच्चाधिकारियों से वार्ता कर यहां का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्व मानचित्र पर देवदह का नाम दर्ज होगा। यहां के विकास के लिए सरकार योजनाएं बन रही है। बनर्सिहा कला में पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन विपस्यना भवन का निरीक्षण किया। निर्माण की धीमी गति पर कार्यदायी संस्था व विभाग को चेताया। इस दौरान उत्खनन विभाग की ओर से एक माह से ऊपर से हो रहे देवदह की संरक्षित भूमि में उत्खनन का भी निरीक्षण किया। राजमंत्री को देवदह बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेंद्र राव ने मांगपत्र देकर कहा कि बनर्सिहा कला के प्राचीन टीले के उत्खनन में मिले अवशेषों को देवदह में ही रख कर म्यूजियम बनाया जाए। संवाद

जिले में बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर निवेशकों को दिलाएं लाभ
आवासीय रूप से प्रयुक्त भूखंडों को निरस्त करने के लिए जारी करें नोटिस
फोटो

संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने सोमवार को विकास भवन सभागार में हुई निवेशकों की बैठक में कहा कि जिले मेंं बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए। इससे जहां निवेशकों को लाभ मिलेगा, वहीं, जिले के आर्थिक विकास की गति को भी रफ्तार मिलेगी। यह भी कहा कि उद्योग केंद्र में आवासीय रूप से प्रयुक्त भूखंडों को निरस्त करने के लिए नोटिस जारी किया जाए।
वह सोमवार की सुबह जिले के निवेशकों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जिले में औद्योगिक माहौल स्थापित करने के लिए कटिबद्ध है। निवेशकों को यह भी सुझाव दिए कि समूह बनाकर वे औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए एक साथ भूमि क्रय कर लें। निवेशकों को बिजली, सड़क सहित मानक के मुताबिक निर्धारित अनुदान का लाभ दिलाया जाएगा।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि निवेशकों को राहत दिलाने के लिए चेहरी में 650 एकड़ भूमि चिह्नित है। भुगतान का मामला न्यायालय में लंबित है। जल्द ही उसके निस्तारण की संभावना है। इसके बाद निवेशकों के आवंटन के संबंध में पहल होगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि निवेशकों के चरित्र प्रमाणपत्र संबंधी आवेदन के निस्तारण के लिए 15 दिन की समयसीमा निर्धारित है। निवेशक ऑनलाइन आवेदन कर व्यवस्था का लाभ उठाएं। कोई असुविधा हो तो मुझसे संपर्क करें।
उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि जिले में 1904 करोड़ के 180 प्रस्तावों का अनुबंध हुआ है। इसके माध्यम से 10,281 लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। इस दौरान सीडीओ संतोष कुमार राय समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व निवेशक मौजूद रहे।

सर्वे के नाम पर धनउगाही करते हैं बैंक के सर्वेयर
सदर विधायक जयंमगल कन्नौजिया ने कहा कि निवेश के लिए धन उपलब्ध कराने वाले बैंकों की ओर से मनमानी जारी है। बैंकों के सर्वेयर सर्वे के नाम पर खुले रूप से धन की मांग करते हैं। इस पर निवेशक या तो उन्हें धन देकर कार्य कराता है, या पीछे हट जाता है। जिस पर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि निवेशकों से जुड़ी अगली बैठक में बैंकों के अधिकारियों को भी बुलाएं।

भूमि की उपलब्धता पर दिया जाए जोर
सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल ने कहा कि निवेशकों को बढ़ावा देने के लिए पहले भूमि की उपलब्धता जरूरी है। इस दिशा में पहल हो। उन्होंने उद्योग केंद्र में उद्यम के नाम पर आवास बना कर रहने वाले लोगों के भूखंडों को खाली कराने की मांग की। विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि उद्यम विकास के लिए सरकार गंभीर है। निवेशक लाभ उठाएं। विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि फरेंदा क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की जाए।

निवेशकों ने भी साझा किए अनुभव
निवेशक के रूप में राकेश गुप्ता, सुधाकर जायसवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, बागेश्वर सिंह समेत अन्य ने भी अपने अनुभव को साझा करते हुए निवेश के बारे में जानकारी दी। उनकी ओर से बताई गई समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
विज्ञापन


पांच छात्राओं को दिए गए लैपटॉप
आयुष, खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन मंत्री दयाशंकर मिश्र ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत चयनित छात्रा गुड़िया चौधरी, पूजा नायक, दीप्ति पटेल, श्रेया चौधरी व लक्ष्मी वर्मा को लैपटाॅप दिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें