सूक्ष्म व लघु उद्योग में निवेश करने के लिए इच्छुक हैं निवेशक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित झुलनीपुर में सूक्ष्म व लघु उद्यम के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए 28 लोगों ने आवेदन किया है। उद्यम प्रोत्साहन केंद्र की ओर से प्रशासन से भूमि मांगी गई है। प्रशासन की ओर से भूमि मिलते ही आवंटन संबंधी प्रक्रिया को पूरा कराने का कार्य होगा।
भारत-नेपाल सीमा पर झुलनीपुर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने की योजना है। तहसील प्रशासन ने वहां पर 40 हेक्टेयर भूमि होने की बात भी कही है। इसे उद्योग विभाग के नाम दर्ज होना है। प्रशासनिक स्तर से इस दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। उद्योग विभाग के नाम भूमि होने के बाद इच्छुक 28 आवेदकों को उनकी आवश्यकता को देखते हुए भूमि का आवंटन किया जाएगा।
भूमि मिलने से वे जहां उद्यम स्थापित करेंगे, वहीं, स्थानीय लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने में भी सहूलियत होगी।
इन 28 लोगों की ओर से मांगी जा रही भूमि
झुलनीपुर में जिन 28 लोगों की ओर से भूमि की मांग की जा रही है, उनमें शत्रुघ्न गुप्ता राइस मिल, अनुमेहा बकरी पालन, ब्रह्मानंद पीवीसी पाइप, गौरव दूबे, जितेंद्र जायसवाल व विनोद यादव रिंग निर्माण, रामदुलारे गत्ता फैक्ट्री लगाना चाहते हैं। वहीं, कन्हैया लाल अग्रवाल विभिन्न प्रकार के चने से जुड़े उत्पाद, रंजीत सिंह पेंट पाॅलिश, सुमन दफ्ती निर्माण, शबाब अहमद ईंट निर्माण, विजय जायसवाल प्लाईवुड उद्योग स्थापित करना चाहते हैं। आरती देवी स्लीपर शीट, अष्टभुजा जायसवाल स्टील फेब्रिकेशन, आदित्य मिश्रा ब्रिक्स होलो, रामेश्वर पांडेय सीमेंट ब्रिक्स, पंकज पांडेय ह्यूम पाइप, मनोज मोदी आटा व मैदा उद्योग, चंद्रप्रकाश गुप्ता बाॅक्स निर्माण करेंगे। प्रकाश सिंह फर्नीचर, गणेश प्रसाद मिनरेल वाटर प्लांट, ललिता अग्रहरी फूड सेक्टर, अजय कुमार फुट वियर, अनिल कुमार बेकरी उत्पाद, आदित्य प्रकाश प्लास्टिक कुर्सी, राजेंद्र बायोकोल प्लांट व सुमन गुप्ता फोर्टिफाइड चावल से जुड़ा कार्य करने की इच्छुक हैं।
कोट
झुलनीपुर में उद्यम स्थापित करने के लिए 28 आवेदन मिले हैं। भूमि के विभाग के नाम होने के बाद उसके आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।
-अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त
कोट
निवेशकों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन तत्पर है। झुलनीपुर में भूमि के स्थानांतरण किए जाने की दिशा में पहल जारी है।
-सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी