दिनभर कटती रही बिजली, बेहाल रहे उपभोक्ता
ट्रांसफॉर्मर के पास जले तार को बदलने के बाद भी दूर नहीं हुई समस्या
महराजगंज। उमस भरी गर्मी में बिजली आपूर्ति ठप रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हुई। दो मोहल्लों के लोग दिनभर परेशान रहे। दोपहर बाद कमी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद भी बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
शहर के राजीव नगर एवं शास्त्री नगर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह से विद्युत आपूर्ति को लेकर उपभोक्ता परेशान रहे। क्योंकि ऑफिसर्स कॉलोनी के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के पास तार जल गया था। इसके बाद इसे दो बार बदला गया, लेकिन आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल नहीं हो सकी। दोपहर में विद्युत निगम के कर्मी आपूर्ति बहाल करने के लिए तार को लगाने में जुटे रहे। कुछ देर बाद आपूर्ति करीब आधे घंटे के लिए बहाल हुई, लेकिन फिर कट गई। यह क्रम दिनभर जारी रहा। अनूप टिबड़ेवाल ने बताया कि बिजली नहीं रहने से इंवर्टर भी बैठ गया। आत्माराम गुप्त ने बताया कि विद्युत निगम की ओर से समस्या के समाधान के लिए कारगर पहल नहीं की जाती है। शास्त्री नगर के गोविंद वर्मा ने कहा कि ऑफिसर्स कॉलोनी के पास ट्रांसफॉर्मर से खराब तार जोड़ा गया था, जिससे यह समस्या हुई। विद्युत निगम के एक्सईएन हरिशंकर ने बताया कि मौके पर अवर अभियंता एवं लाइनमैन की टीम भेजकर फाल्ट को ठीक कराया गया। लोड ज्यादा बढ़ने की वजह से समस्या हो रही है।