डाक सेवकों ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। ग्रामीण डाक सेवकों का आंदोलन के 16वें दिन बुधवार को समाप्त हो गया। इससे पहले डाक सेवकों ने मुख्य डाक घर पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर गुस्से का इजहार किया। इस दौरान डाक सेवकों ने सरकार पर उनकी मांगों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उधर, प्रदर्शन के दौरान ही संगठन के मंडलीय सचिव ने जिलाध्यक्ष को फोन कर सरकार के प्रतिनिधि से बात होने तथा मांगें पूरी किए जाने का आश्वासन मिलने का जिक्र करते हुए आंदोलन समाप्त करने की जानकारी दी। इसके बाद डाक सेवकों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ जिलाध्यक्ष मधुसूदन मिश्रा ने बताया कि मंडलीय सचिव ने उन्हें बताया कि सरकार की तरफ से मांगें पूरी कराने का आश्वासन दिया गया है। संगठन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलन समाप्त कर दिया गया। इससे पहले डाकसेवकों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर शक्ति का एहसास कराया। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर डाक सेवक आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। श्रवण पटेल ने कहा कि सभी डाक सेवक एकजुट होकर संघर्षकरते रहें। एक दिन सरकार को विवश होकर उनकी मांगें पूरी करनी पडे़गी। इस दौरान बेचन प्रसाद, रामधनी प्रसाद, रामाकान्त, हरिप्रसाद, अरुण पटेल, गोरखनाथ, राधेश्याम, रामगोविंद, संजय कुमार, योगेंद्र यादव, चद्रीका प्रसाद, कमलाकर चौधरी बांके विहारी, सिद्धनाथ, मोहम्मद अमीन के अलावा तमाम डाक सेवक मौजूद रहे। उधर, फरेंदा डाक घर पर तैनात डाक सेवक भी हड़ताल पर रहे।