गांव में मिला पॉजिटिव केस, जांच में उदासीनता
नौतनवां (महराजगंज)। क्षेत्र के सिरसिया खास गांव में एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गांव के लोगों ने ज्यादा सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। गांव से करीब छह किमी दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है। जरूरत पड़ने पर लोगों को वहां जाना पड़ता है। छोटी-मोटी बीमारी होने पर गांव वाले मेडिकल स्टोर से दवा लेकर काम चलाते हैं। ग्रामीणों ने अनुसार गांव में अब तक जांच शिविर नहीं लगा है।
पड़ताल में सिरसिया खास गांव के सुभाष, अवनीश यादव, सुरेंद्र ने कहा कि गांव से सीएचसी 6 किलोमीटर की दूर है। गांव की आबादी लगभग 2800 है। यहां एक माह के अंदर अलग-अलग बीमारियों से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन लोग बुखार, सर्दी, जुकाम से पीड़ित थे। बबलू यादव ने बताया कि बीते सप्ताह गांव का एक व्यक्ति सीएचसी रतनपुर में जांच कराने पर कोरोना संक्रमित पाया गया है, जो गोरखपुर में होम आइसोलेसन में है। बृजेश यादव, रामप्यारे यादव, राजकुमार गुप्ता, जयहिंद, कृष्णा यादव ने बताया कि गांव में जांच शिविर नहीं लगाया गया है । जबसे एक व्यक्ति के संक्रमित होने की सूचना मिली है, तभी से डर लगता है कि कहीं संक्रमण बढ़ न जाय।
ग्राम प्रधान इंदुमती देवी ने बताया कि गांव की नालियों की सफाई कराकर ब्लीचिंग पाउडर व चूना का छिड़काव कराया गया है। पूरे गांव को सैनिटाइज कराया गया है। संक्रमण को देखते हुए निगरानी समिति भी सतर्क है। सीएचसी रतनपुर के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार गौतम ने बताया कि सिरसिया खास में एक संक्रमित मिला है, जिसे होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है। गांव की निगरानी समिति के माध्यम से सर्दी जुकाम, बुखार से पीड़ित लोगों या अन्य बीमारियों से मरने या संक्रमित होने से मरने वालों की डाटा एकत्रित किया जा रहा है।