ट्रैक्टर ट्रॉली से खाद्यान्न लेकर जा रहा था कोटेदार, एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल पर रोकने का आरोप
पिपरपाती तिवारी का मामला, घटना का वीडियो हो रहा है वायरल
भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरपाती तिवारी में पुलिसकर्मियों पर वितरण के लिए खाद्यान्न ले जा रहे वाहन को रोककर कोटेदार के साथ अभद्रता एवं धनउगाही का आरोप लगा है। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की नहीं करती है। वहीं सीओ ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र के बरियारपुर निवासी कोटेदार फारुख खान बरियारपुर के साथ पिपरपाती तिवारी का भी राशन का वितरण करते हैं। रविवार की सुबह 10 बजे कोटेदार पिपरपाती तिवारी में राशन वितरण के लिए ट्रैक्टर-ट्राॅली से खाद्यान्न लेकर जा रहे थे। इसी बीच भिटौली थाने के एक उप निरीक्षक एवं दो कांस्टेबल मौके पर पहुंच गए और खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर ट्राॅली को रोक लिया।
वायरल वीडियो में कोटेदार कहा रहा है कि यह राशन पिपरपाती तिवारी में वितरण के लिए जा रहा है। 25 मई से खाद्यान्न का वितरण होगा। जबकि पुलिसकर्मियों को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि उच्चाधिकारियों की जांच के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा। कोटेदार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने खाद्यान्न की गाड़ी रोककर मेरे साथ अभद्रता की और मुझसे रुपये की मांग की। इस संबंध में सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जैसे ही जानकारी होगी, मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।