भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के रुद्रापुर गांव में बृहस्पतिवार देर रात एक युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रुद्रापुर निवासी बिंद्रेश (30) बृहस्पतिवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। उसकी गतिविधियां देखकर पिता पारस को कुछ आशंका हुई तो वह उस पर नजर रख रहे थे। हालांकि, रात करीब 12 बजे पिता भी सोने चले गए। इसके बाद बिंद्रेश ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
रात करीब एक बजे पिता की नींद खुली तो उन्होंने जंगले से बेटे के कमरे में झांका। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। बेटा फंदे से लटका हुआ था। किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर युवक को नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची भिटौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिंद्रेश माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी पत्नी इन दिनों मायके में रह रही है।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।