30 लाख का मोबाइल बरामद, मोबाइल पाकर खिले चेहरे
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस ने खोए हुए 101 मोबाइल बरामद किए हैं। सर्विलांस सेल और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल की मदद से बरामद इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस मोबाइल मालिकों को फोन लौटा दिए।
अभियान के तहत सर्विलांस टीम ने आईएमईआई नंबर के आधार पर मोबाइक को ट्रैक करते हुए मोबाइल फोन को ढूंढ लिया। बरामद मोबाइलों को बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक ने संबंधित स्वामियों को प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुपुर्द कर दिया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और तकनीक आधारित पुलिसिंग को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
जांच में सामने आया कि अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, यात्रा के दौरान वाहनों में छूटने, सार्वजनिक स्थानों, आयोजनों और लापरवाही के कारण गुम हुए थे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।