महराजगंज/सोनौली। नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की आशंका को देखते हुए भारत नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट किया गया है। आम नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने चप्पे-चप्पे सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर चार से अधिक पीएसी बल के साथ पुलिस की तैनाती है।
शनिवार को टेंपो स्टैंड, बस डिपो, मंदिर एवं बाजार में अलग से सुरक्षा के इंतजाम किए गए। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत नेपाल के सभी बॉर्डर हाई अलर्ट पर हैं। जनपद के भारत-नेपाल बॉर्डर पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। इस बीच नेपाल के रास्ते पाकिस्तान और बांग्लादेश के करीब दो दर्जन संदिग्ध लोगों के भारत में घुसपैठ की आशंका के मद्देनजर कड़ी चौकसी हो रही है।
खुफिया सूचना के मुताबिक आतंकियो का संगठन बांग्लादेश के रास्ते रवाना हुआ है और नेपाल की सीमा में पहुंच चुका है। खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा को देखते हुए इसकी गोपनीय रिपोर्ट शासन को भेजी है। इसमें सीमावर्ती नेपाली मदरसों में उक्त संदिग्ध शरण लेने की सूचना है। इसको लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी बढ़ा दी है। सीमावर्ती गांवों में गश्त तेज कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
जिले के सोनौली और ठूठीबारी सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एसएसबी जवान और जिला पुलिस की टीम दिन-रात बॉर्डर पर गश्ती कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पगडंडी सड़कों की भी निगरानी की जा रही है। नेपाल की 84 किमी खुली सीमा को संवेदनशील मानते हुए निगरानी और बढ़ा दी गई है।
क्षेत्राधिकारी नौतनवा जय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में कड़ी निगरानी की जा रही है। प्रत्येक हलचल पर नजर है। रात्रि गश्त भी तेज कर दी गई है।