- न्यू अनुराग निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत का मामला
- सील अस्पताल के पुराने पंजीकरण पर भी उठे सवाल, पहले भी हो चुका था सीज
- अवकाश के चलते कार्रवाई रुकी, जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी
महराजगंज। नगर के न्यू अनुराग निजी अस्पताल में प्रसूता रेहाना की मौत के मामले में दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की जांच तेज हो गई है। ऑपरेशन किस चिकित्सक ने किया था, इसकी जांच की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद बुधवार रात डिप्टी सीएमओ डॉ. वीरेंद्र आर्या की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया था। वहीं, अस्पताल संचालक मौके से भाग गया था। उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह अस्पताल पहले अनुराग हॉस्पिटल के नाम से संचालित था, जिसे पूर्व में सीज किया जा चुका था। बाद में ‘न्यू अनुराग हॉस्पिटल’ के नाम से पुनः पंजीकरण कर संचालन शुरू किया गया, जिस पर अब सवाल उठने लगे हैं।
घुघली क्षेत्र की निवासी प्रसूता को प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि भर्ती के बाद चिकित्सकों ने समय पर स्थिति का सही आकलन नहीं किया। हालत बिगड़ने के बावजूद इलाज में देरी हुई, जिससे महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार कर चुके हैं। उधर स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने बताया कि ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक की पहचान की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के लिए एक जल्द ही एक टीम बनाई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।