नौतनवां में एसडीएम एवं सीओ के नेतृत्व रूट मार्च करती पुलिस।
- फोटो : MAHARAJGANJ
जिला मुख्यालय से लेकर सरहद तक सतर्क रही पुलिस
महराजगंज। अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को गिरे विवादित ढांचे के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत बुधवार को फैसला सुनाया तो जिले में पुलिस सतर्क रही। जिला मुख्यालय से लेकर नेपाल सीमा तक पुलिसकर्मियों की सतर्कता बनी रही। उच्चाधिकारी भी प्रत्येक हलचल पर नजर बनाए रखे। सभी थानेदार सतर्क रहे। वहीं सीमा क्षेत्र में पुलिस की ओर से विशेष निगरानी की गई।
बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता नौतनवां कस्बे में पहुंचे। भ्रमण के दौरान दोनो अधिकारियों ने सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सतर्कता की जांच की। नौतनवां पीडब्ल्यूडी डाक बंगले पर पहुंच कर एसडीएम प्रमोद कुमार और सीओ अजय सिंह चौहान से जरूरी जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण माहौल है। पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। भ्रमण कर हालात में बारे में जायजा लिया गया। सब कुछ सामान्य रहा। एसपी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि पुलिस सभी प्रमुख स्थानों पर सतर्क रहते हुए प्रत्येक हलचल पर नजर बनाए रखी।
नौतनवां नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार तथा सीओ अजय सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने कस्बे में रूट मार्च कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का एहसास कराया। थाना परिसर से निकल कर गांधी चौक, जयहिंद चौराहा, अस्पताल चौराहा, घंटा घर होते हुए रेलवे स्टेशन चौराहे से छपवा बाईपास तक पहुंचे। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक रामचंद्र राम, कस्बा चौकी इंचार्ज संजय शाही, सूर्यप्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।