महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक प्लंबर से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित सुकई, निवासी सरडिहा पोस्ट महुआवा ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पवन त्रिपाठी, निवासी पड़री बुजुर्ग ने उनके बेटे भोला के साथ दुर्व्यवहार किया। सुकई ने बताया कि तीन मार्च की शाम को भोला ने पवन त्रिपाठी के घर साहू जी महराज स्थित मकान में प्लंबर का काम किया था। काम पूरा होने पर तय राशि से 5000 रुपये कम दिए गए और कहा गया कि एक-दो दिन में बाकी रकम दे देंगे। बाद में पवन ने फोन कर बकाया राशि के लिए भोला को घर बुलाया। वहां पवन ने काम में कमी बताकर पैसे देने से इनकार कर दिया और गाली देते हुए लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी। पवन ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पवन त्रिपाठी, निवासी पड़री बुजुर्ग के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।