डेढ़ किलोमीटर लंबी बदहाल सड़क को बनवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के भारत नेपाल बॉर्डर से सटे रेंगहिया गांव के आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को बदहाल सड़क पर धान की बेहन रोपाई की। उसके बाद ग्रामीणों ने बदहाल सड़क को बनवाने के लिए मांग की।
सड़क पर धान की रोपाई कर रहे आक्रोशित ग्रामीण श्यामबिहारी लाल सहानी, हरेंद्र चौहान, बसंत, श्रवण रौनियार, विजय, मिथिलेश आदि ने कहा कि गांव के श्रीभागवत के घर से भारत नेपाल बॉर्डर तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी पक्की सड़क करीब चार वर्षों से बदहाल है। ऐसे में ग्रामीणों को बरसात के दिनों में घर से निकलने में तमाम दुश्वारियां का सामना करना पड़ता है। सड़क की मरम्मत कराने के लिए विभाग के जिम्मेदारों के अलावा जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाया गया। सावन मास में नेपाल राष्ट्र के त्रिवेणी धाम से पंचमुखी शिव मंदिर आने वाले कावरियों का भी मुख्य मार्ग है। हल्की बारिश होने से भी सड़क पर जलभराव हो जाता है। फिर रास्ते से गुजरने वाले लोग सड़क पर गिर चोटिल होते है। ग्राम प्रधान नरेंद्र चौहान ने कहा कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार उदासीन बने हुए है। निचलौल एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं थी। कावरियों और ग्रामीणों की समस्याओं को जल्द दूर कराया जाएगा।