संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नौतनवां तहसील क्षेत्र में घर-घर शुद्ध जल पहुंचने की योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। क्षेत्र के ज्यादातर गांव में पाइप लाइन बिछाने की व्यवस्था बदहाल है। कहीं, ओवरहेड टैंक खराब काम होने की वजह से हैंडओवर नहीं हुआ, तो कहीं पाइपलाइन ही ठीक से नहीं बिछाई गई है। लोगों को योजना के तहत लाभ नहीं मिल रहा है। एक ओवरहेड टैंक बनने व पाइप लाइन बिछाने में डेढ़ करोड़ रुपया खर्च हुआ है।
भारत-नेपाल सीमावर्ती गांव खनुआ गांव में पिछले सात माह पहले से ही पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदकर कुछ स्थानों पर पाइप बिछा दी गई। कुछ जगह केवल सड़क खोदकर छोड़ दिया गया। गांव के मोहन मद्धेशिया, कुलदीप, अमन आदि ने बताया कि पिछले सात माह से कार्य चल रहा है। सड़क खोदकर वैसे छोड़ दिया गया है। घर-घर शुद्ध जल कब पहुंचेगा, पता नहीं है। खनुआ गांव में पानी की टंकी बन रही है, लेकिन इस समय कार्य बंद है।
हरदीडाली गांव में पानी की टंकी लगी हुई है। गांव में पाइपलाइन और टोटी लगी है, लेकिन सभी घरों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव में पाइप लगा छोड़ दिया गया है। शेख फरेंदा में अभी पानी की टंकी के लिए काम शुरू नहीं हुआ। पाइप लगाकर छोड़ दी गई है। पता चला है कि एनएच से अभी अनुमति नहीं मिलने से दिक्कत हो रही है।
ग्रामीण सुनील सहानी, कमलेश, रवि कुमार आदि ने बताया कि पानी टंकी का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव में भी पाइप लगाकर छोड़ दिया गया है। हरदीडाली गांव के बड़का टोला पर पानी की टंकी बनकर तैयार है।
-
हरदी डाली के बड़का टोला पर पानी की टंकी बन चुकी है। बीच में एक दिन पानी की सप्लाई हुई थी, लेकिन उसके बाद फिर बंद है। पानी सप्लाई का दावा बेमतलब साबित हो रहा है।
हिमांशु मिश्रा, हरदी डाली
लगभग एक वर्ष हो गया है। अभी पाइप बिछाई जा रहीं है। ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। उसमें करीब 40 प्रतिशत काम शेष है।
कुल बहादुर थापा, खनुआ
-
काम तेजी से पूरा कराने के लिए संबंधित अवर अभियंताओं को निर्देशित किया गया है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां काम अधूरा है, वहां जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
-आतिफ हुसैन, अधिशासी अभियंता, जल निगम