पहले सेमीफाइनल में काठमांडू की शानदार जीत, दूसरे में पेनल्टी शूटआउट से छपरा विजयी
परतावल। नगर पंचायत परतावल स्थित पंचायत इंटर कॉलेज के खेल मैदान में पीआईसी गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन का मैच रोमांच से भरा रहा। पहले सेमीफाइनल में काठमांडो ने जम्मू-कश्मीर को 2–0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। दूसरे सेमीफाइनल में छपरा ने दिल्ली को हरा दिया। फाइनल मुकाबला काठमांडू और छपरा के बीच खेला जाएगा।
पहले सेमीफाइनल मैच में शुरुआत से ही काठमांडू नेपाल की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। बेहतरीन पासिंग और सटीक मूवमेंट के दम पर टीम ने पहले हाफ में बढ़त बनाई, जिसे दूसरे हाफ में और मजबूत करते हुए जीत सुनिश्चित कर ली। जम्मू-कश्मीर की टीम ने वापसी की कोशिश की लेकिन काठमांडो के मजबूत डिफेंस के सामने सफल नहीं हो सकी। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला छपरा बनाम दिल्ली के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा, जहां छपरा की टीम ने दिल्ली को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। आयोजक चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश कुमार मद्धेशिया की तरफ से व्यवस्थाओं और खेल स्तर में प्रतिदिन बेहतर देखने को मिला। इस मौके पर परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, गौरव पटेल, शिवेंद्र सिंह, दीपक पाण्डेय, पुनीत, जय गोविंद सिंह आदि उपस्थित रहे।