महराजगंज। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 4872 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अभ्यर्थियों के आवागमन को सुचारु करने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
इस संबंध में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने पुलिस लाइन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को दो-दो पालियों में होगी। बैठक में क्षेत्राधिकारी फरेंदा और क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम की मौजूदगी में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
एएसपी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध या अवांछनीय गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही केंद्रों पर प्रभावी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।