जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा पंडाल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। लोकसभा चुनाव की तारीख करीब आ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी के प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जयपुरिया इंटर काॅलेज के मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनसभा को संबोधित किया। जिसे सुनने व देखने के लिए तपती धूप व उमस भरी गर्मी में भी कार्यकर्ता व लोग खड़े रहे। योगी 27 मिनट के भाषण में जनता की नब्ज भी टटोलते रहे।
सीएम योगी आदित्यनाथ 12.03 मिनट पर संबोधन के लिए माइक संभाला तो जनता ने जयश्रीराम के नारों से स्वागत किया। योगी ने भाषण की शुरूआत मां लेहड़ावाली माता के नारों से शुरू किया। सीएम योगी ने जब मुफ्त अनाज योजना, सौभाग्य योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री शौचालय, आवास सहित योजनाओं को गिनाया तो जनता ने हाथ उठा कर योगी का अभिवादन किया। सीएम योगी के निशाने पर कांग्रेस व सपा विशेष रूप से रही। संचालन विवेका पांडेय ने किया। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कन्नौजिया, ऋषि त्रिपाठी, प्रेम सागर पटेल, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, राजेश जायसवाल, अरविंद मिश्रा, राकेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
राम नाम लेकर धर्म से जोड़ा, हर वर्ग को सहेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सीएम योगी फरेंदा कस्बे में जयपुरिया इंटर कालेज खेल मैदान में अपने संबोधन में हर वर्ग को सहेजने की पूरी कोशिश की। राम का नाम लेकर लोगों को धर्म से जोड़ते हुए विकास कार्यों की बुनियाद पर विकसित भारत के बारे में बताया। उससे होने वाले लाभ को बताते हुए राष्ट्र की मजबूती समेत सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक स्थिति की बेहतरी पर चर्चा की। सीएम ने शुरूआत में ही क्षेत्र में मां लेहड़ा वाली की कृपा होने की बात कही। बाबा गुरु गोरखनाथ को तपोस्थली से जोड़ते हुए अयोध्या, काशी की बात करते हुए मथुरा की ओर से बढ़ाने की बात कही।
सीएम योगी चुनाव को देखते हुए जनता की नब्ज को टटोलने की कोशिश की। तपती धूप में दूर दराज से आए लोग बीच बीच में जय श्रीराम का जयघोष कर अपने उत्साह का परिचय दे रहे थे। सीएम ने कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भूमि है, इस पावन धरा को नमन है। आप सब ने जो उत्साह दिखाया है, मैं इसके लिए आप सबका हृदय से अभिनंदन करता हूं। एक तरफ राम भक्त मोदी के नेतृत्व में हैं। वहीं दूसरी तरफ रामद्रोही हैं, जो राम का विरोध कर रहे हैं। जो अब भगवान राम का विरोध करते-करते भारत का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोधियों ने क्षेत्र के नाम पर, भाषा के नाम पर, आपस में लड़ने का काम किया और आज फिर वही झूठ बोल रहे हैं, कोई कहता है कि आरक्षण समाप्त करेंगे, कोई कहता है कि संविधान को बदल देंगे, इनकी नियत को जानें। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए नए भारत का जिक्र किया। सीएम के संबोधन में विकास के अलावा धर्म की बातें अधिक रही। उन्होंने जनता के मन को पढ़ते हुए सभी मुद्दों को छूने की कोशिश की। किसान मजदूर, महिला सुरक्षा से लेकर हर विंदु पर सरकार की मंशा को बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खुशहाली बढ़ेगी।
-