महराजगंज। मौसम में लगातार बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। ठंड के बीच बीमार हुए लोगों की सेहत अभी ठीक नहीं हो सकी है। बुखार के 67 पुराने मरीज जिन्हें खांसी की शिकायत थी सुधार न होने पर जिला अस्पताल पहुंचे। सोमवार को 679 मरीजों का इलाज ओपीडी में किया गया।
बुखार पीड़ित पुराने मरीजों को दवा सेवन के बाद भी लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं पारा 26 डिग्री तक पहुंचने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।
इसके कारण पुराने बुखार के मरीजों को दोबारा खून की जांच करानी पड़ रही है। डाॅ. विशाल चौधरी ने बताया कि लापरवाही के कारण कुछ मरीजों में एक सप्ताह बाद भी बुखार नहीं छोड़ रहा है।
तापमान बढ़ने के बाद लोग दिन में गर्म कपड़ों का उपयोग नहीं कर रहे हैं। साथ ही गर्म पानी की जगह ठंडा पानी पीने लगे हैं। लापरवाही बरतने व नियमित दवाओं का प्रयोग न करने से बुखार से आराम नहीं मिल रहा है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता कुछ लोगों में कम होती है। इससे भी बुखार ठीक होने में समय लगता है। मरीजों को हिदायत के साथ दवा सेवन के निर्देश दिए जा रहे हैं।