नौतनवां में राजनीतिक दलों के साथ बैठक करते एसडीएम।
महराजगंज। विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के पहले दिन अधिकतर बूथों पर कम ही लोग पहुंचे। कुछ बूथों पर वोटर बनने और नाम संशोधन कराने वालों की भीड़ जुटी। बूथों पर चुनाव आयोग के निर्देश पर पिछले दिनों चलाए गए मतदाता जारूकता अभियान का व्यापक असर दिखा। जरूरी प्रारूप पत्रों के साथ मौजूद बीएलओ ने इच्छुक लोगों को फार्म उपलब्ध कराया। लोगों ने बीएलओ से मतदाता सूची लेकर अपने और संबंधियों के नाम तलाशे और जरूरी संशोधन के लिए फार्म भरा। कई जगहों पर वोटर बनने के लिए नवयुवकाें में विशेष उत्साह रहा। बूथों पर दिनभर अधिकारी आते-जाते रहे।
अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नौतनवां तहसीलदार ने शनिवार को बूथों पर लगाए मतदाता पुनरीक्षण विशेष शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूूथ कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिया। तहसीलदार अनिल कुमार ने बताया कि लक्ष्मीपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव बहोरपुर, बोकवा, देवपुर, पुरन्दरपुर आदि कई बूथों का निरीक्षण किया। बीएलओ व इससे जुड़े कर्मचारी तैनात पाए गए। सभी को फिर से आयोग के निर्देशों से अवगत कराया गया। बताया गया कि पहली जनवरी को 18 वर्ष की उम्र पूरी कर रहे युवाओं, ससुराल आई नवेली वधुओं के नाम मतदाता सूची में अंकित करने, सूची में नाम या अन्य त्रुटियों के संशोधन एवं मृतकों के नाम हटाने के लिए हर हाल में फार्म भर दिए जाने चाहिए। इस दौरान बूथ कर्मचारी और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार की शाम तहसील परिसर में एसडीएम आलोक कुमार ने राजनैतिक दलों के साथ बैठक की और मतदाता पुनरीक्षण सूची में अधिक से अधिक युवाओं को वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने की अपील की। एसडीएम ने कहा कि जो लोग 1 जनवरी 2017 को 18 वर्ष की उम्र पूरी कर रहे हैं वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए विशेष अभियान चलाया गया है। 23 अक्टूबर को हर बूथ पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। सभी बूथों पर फार्म 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया जा सकता है। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से सहयोग की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्नातक चुनाव मतदाता सूची में तीन साल पहले ग्रेजुएट कर चुके लोग मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा लें। इस मौके पर तहसीलदार अनिल कुमार रस्तोगी, महेश सिंह, बंटी पांडेय, ओमप्रकाश जायसवाल, कृष्णमोहन, इंद्रजीत यादव मौजूद रहे।