कंजड़ समुदाय के लोगों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। नगर पालिका परिषद के इंदिरा नगर मोहल्ले के कंजड़ समुदाय के लोगों ने बंजर भूमि पर दबंग किस्म के लोगों द्वारा कब्जा किए जाने पर शनिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि मउपाकड़ व चिऊरहां में बंजर भूमि पर दबंगों द्वारा जबरिया कब्जा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि उक्त बंजर भूमि आबादी में परिवर्तित हो चुकी है। कंजड़ समुदाय के नेता मोहन प्रसाद ने कहा कि चिऊरहां, मउपाकड़ में स्थित बंजर भूमि पर वह अपने पूर्वजों के समय से झोपड़ी व मकान आदि बनाकर रहते हैं। पूरी जमीन आबादी में परिवर्तित हो चुकी है। लेकिन इस आराजी के अगल बगल के काश्तकार उक्त भूमि पर अवैध कब्जा करने तथा कंजड़ समुदाय के लोगों को बेदखल करने के फिराक में हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि उक्त बंजर भूमि पर अगर दबंगों ने कब्जा किया तो धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि उक्त बंजर की भूमि की पैमाइश कराकर चिह्नांकन करा दिया जाए तथा उनके हितों की रक्षा की जाए। उनका कहना था कि भूमि का चिह्नांकन हो जाने से दबंग कब्जा नहीं कर पाएंगे। प्रदर्शन मोहन प्रसाद, पन्नेलाल, हजारी प्रसाद, बुलाकी, छबीलाल, दिलीप, छेदी, मुस्लिम, खंमा, छब्बो, विनोद आदि शामिल थे।