नहीं मिला वाहन तो लोग पैदल चल पडे़
महराजगंज। जिले में कोरोना कर्फ्यू के दौरान रविवार को ज्यादा चहल-पहल नहीं दिखी। जरूरत पर लोग बाहर निकले। पुलिस जांच के दौरान लोगों से पूछताछ करती रही। वाहन नहीं मिलने से कुछ पैदल ही गंतव्य की ओर चल पड़े। शहर में सभी दुकानें बंद रहीं।
शहर के दुर्गा मंदिर के पास कुछ पैदल जाते दिखे। उन्हें कोई वाहन नहीं मिला। पैदल जा रहे हरेंद्र ने बताया कि पकड़ी जाना है। कोई वाहन नहीं मिला। ऐसे में पैदल ही जाऊंगा। उधर, पुलिस शहर में भ्रमण कर जांच में जुटी रही। अनावश्यक बाहर घूमने वालों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। सोनौली बार्डर पर सन्नाटा पसरा रहा। ठूठीबारी, लक्ष्मीपुर, झुलनीपुर बार्डर पर भी सन्नाटा रहा है। आसपास की दुकानें बंद रहीं। सुरक्षा कर्मी सरहद पर नजर रखे रहे।
डीएम डॉ. उज्जवल कुमार ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। बचाव के लिए जरूरी है कि हर हाल में मास्क लगाने के साथ सामाजिक दूरी का पालन करें। प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार कोरोना कर्फ्यू के दिन रविवार को बाजार में कोई खास भीड़ देखने को नहीं मिली। लोग जरूरत की सामग्रियां खरीदने के लिए ही बाजार में नजर आए। चौक-चौराहों पर पुलिस लोगों से कर्फ्यू का पालन कराती नजर आई। जरूरत का सामान लेने के लिए लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ा गया। वहीं बेवजह घूमने वाले लोगों के वाहनों का चालान कर उन्हें हिदायत दी गई।