एक-दूसरे के संपर्क से बढ़ रहे मरीज, 50 से 60 मरीजों का उपचार किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मौसम के उतार-चढ़ाव के साथ ही संक्रमण की बीमारियों का खतरा लोगों में बढ़ने लगा है। सोमवार को ओपीडी में नेत्र रोग विभाग में आई फ्लू के 50 से 60 मरीजों का उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि यह बीमारी एक दूसरे के संक्रमण से ही फैल रही है।
जिला अस्पताल में दो दिनों में बीमार मरीजों की संख्या 25 से 30 थी, लेकिन एकाएक सोमवार को यह संख्या बढ़कर 50 से 60 हो गई है। आंख में लाली, चुभन, पानी गिरना इसके लक्षण बता रहे हैं। जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. निरंजन सिंह ने बताया कि यह कंजेक्टिवाइटिस है। यह आम तौर पर यह बीमारी बारिश के मौसम में अधिक होती है। यह आंख के पलकों के अंदरुनी और आंखों के सफेद भाग को कवर करती है। इसमें सूजन आने या संक्रमित होने से इसे कंजेक्टिवाइटिस कहते हैं। सोमवार को कुल करीब 90 से अधिक मरीजों का उपचार हुआ। इसमें 50 से 60 मरीज इस बीमारी के संक्रमित थे, जो इलाज के लिए पहुंचे थे।
आई फ्लू के लक्षण
एक या दोनों आंखों का लाल या गुलाबी होना जलन और खुजली होना आंख से पानी निकलना आंखों में किरकिरी महसूस होना, आंखों में सूजन आ जाना इस बीमारी के लक्षण हैं।
ये करें बचाव के उपाय
अपनी आंखों को अपने हाथ से बार-बार न छुए, अपने निजी चीजों तोलिया रूमाल तकिया आदि को साझा न करें, संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखें, संक्रमित व्यक्ति के इस्तेमाल की गई चीजों को इस्तेमाल करने से परहेज करें, ज्यादा भीड़भाड़ वाले जगह पर न जाएं, मरीज टीवी या मोबाइल से दूर रहे।