मौसम के उतार-चढ़ाव से उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। मौसम में बदलाव का विपरीत असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। इस समय बुखार व उल्टी-दस्त के रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त के 14 मरीज भर्ती कराए गए हैं। अस्पताल प्रशासन मरीजों की संख्या बढ़ते देख सतर्क हो गया है। अस्पताल में इन दिनों 300 से 700 मरीज रोजाना आ रहे हैं। इनमें 10 फीसदी मरीज उल्टी-दस्त की चपेट में आने के कारण आ रहे हैं।
रविवार को जिला अस्पताल में आयुष (8), मोहन (13), सुआ (14), यस (9 माह) माह, राघव (12), उजाला (13 माह), प्रियांशु (2), मोहम्मद मुस्तफा (3), रेशमा (8), वंदना (7), अभय (4), कृष्णा (7), अमित (9), श्रेया (7) और सेराज (10) भर्ती मिले। यहां भर्ती बच्चों के परिजन अस्पताल की गैलरी और वार्ड में टहल कर वक्त गुजारने को विवश हैं। डॉ. एएम भास्कर का कहना है कि पेट से संबंधित ज्यादातर बीमारियां दूषित पानी पीने से होती हैं। उल्टी-दस्त की बीमारी की मुख्य वजह दूषित पानी का सेवन ही है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस समय पानी उबालने के बाद ठंडा करके पीने से इस तरह की समस्या से बचा सकता है। साथ ही चिकित्सक से संपर्क कर इलाज कराना चाहिए। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.एके राय का कहना है कि बुखार संक्रामक बीमारी तो है ही, इसके अलावा दूषित पानी के इस्तेमाल से भी लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। शुद्ध पीने का पानी मिले तो संक्रामक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों को पानी उबालकर पीने का सुझाव दिया। सीएमएस डॉक्टर आरबी राम कहना है कि इन दिनों अस्पताल में उल्टी - दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सकों की टीम इलाज के लिए लगाई गई है।