-गोरखपुर नौतनवा रेल खंड पर पैसेंजर ट्रेने निरस्त होने से बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर रविवार से मंगलवार तक पैसेंजर ट्रेनें निरस्त हैं। सोमवार को सुबह की ट्रेनों से यात्री अपनी गंतव्य की ओर रवाना हुए। ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा।
नौतनवा रेलवे स्टेशन से सुबह 9:40 बजे प्रस्थान कर नकहा जंगल तक जाने वाली 05470 पैसेंजर ट्रेन को रेलवे प्रशासन ने रविवार से मंगलवार तक निरस्त कर दिया है। इंटरसिटी-12127 में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को हाल्ट स्टेशन नईकोट में सुबह गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में भीड़ रही। ट्रेन आते ही यात्री धक्का मुक्की करते हुए ट्रेन में चढ़े और भीड़ अधिक होने से बहुत से यात्रियों को सीट नहीं मिल पाई। नई कोट रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। यहां यात्रियों के बैठने की व्यवस्था नहीं है। बेंच टूटा हुआ है, शौचालय वर्षो से खराब है यात्रियों को खुले में शौच जाना पड़ता है। वहीं तीन इंडिया मार्का हैडपंप में दो खराब है और एक दूषित जल दे रहा है।
यात्री मनीष सिंह, ऋषिकेश पांडेय, अक्षय, रामअचल यादव, अमर चौहान, जानकी, सुमित्रा, अनीता सिंह, माया, रीमा राय आदि लोगों ने बताया कि सुबह 9:55 बजे नई कोट से नकहा जंगल तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन बंद होने से काफी समस्या हो रही है। सुबह की ट्रेन में काफी भीड़ थी। खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक नौतनवा जफरे आलम ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन निरस्त होने से सुबह की ट्रेन में भीड़ बढ़ गई है।