रोडवेज बस स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बदहाल
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। शहर के रोडवेज बस स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बदहाल हैं। यहां न तो यात्रियों को बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था है और न ही समय काटने के लिए मनोरंजन के साधन ही हैं। करीब चार साल पहले लगी टीवी खराब हुई, उसके बाद किसी ने बनवाने के लिए जहमत तक नहीं उठाई। स्टेशन पर टीवी बेकार पड़ा हुआ है। बस स्टेशन के सामने बने शौचालय से भी दिक्कत है। शौचालय से निकलने वाला गंदा पानी गेट के सामने जाम पड़ी नाली में रुका रहता है। इससे निकलने वाले दुर्गंध के कारण यात्री परेशान रहते हैं।
नगर में रोडवेज बस स्टेशन परिसर पर यात्री सुविधाएं बदहाल हैं। यहां यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कोई प्रयास ही नहीं किया गया। यात्रियों के मनोरंजन के लिए लगाया गया टीवी खराब हो चुका है। लोगों के मुताबिक करीब चार साल से टीवी खराब पड़ा हुआ है और अब तक उसे ठीक नहीं कराया गया। बस स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था भी नहीं है। स्टेशन का भवन भी जर्जर हो चुका है। बरसात में पानी टपकता है। कमरों में तार लटके रहते हैं. इससे कभी दुर्घटना हो सकती है। बस के इंतजार में यहां बैठे यात्री सुरेश कुमार ने बताया कि यात्री सुविधाओं में सुधार के मामले में निचलौल डिपो प्रशासन गंभीर नहीं है। बस स्टेशन के सामने ही नाली कई दिन से जाम पड़ी है। शौचालय से निकलने वाला गंदा पानी उसमें एकत्र रहने से दुर्गध निकलता रहता है। इसके चलते यात्रियों को यहां थोड़ी देर रुकने में परेशानी होने लगती है। दुर्गंध के कारण यात्री परेशान रहते हैं। लोहिया नगर के गणेश श्रीवास्तव ने कहा कि बस स्टेशन पर मनोरंजन के लिए लगी टीवी खराब है। बस के इंतजार में थोड़ी देर अगर वक्त काटना हो तो इधर उधर टहलना पडे़गा। स्टेशन परिसर के अंदर शौचालय बनने के बाद भी गेट पर बने शौचालय को उपयोग बंद नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर गेट पर शौचालय नहीं रहता तो गंदा पानी नाली में नहीं एकत्र न होता। एआरएम भुनेश्वर प्रसाद ने बताया कि यात्री सुविधाओं में सुधार की हर संभव कोशिश की जाती है। खराब पड़ी टीवी जल्द बनवा दी जाएगी। अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी जल्द कारगर प्रयास किए जाएंगे।