ठूठीबारी। नेपाल के पहाड़ समेत भारतीय सीमा क्षेत्र में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश से नेपाल के पहाड़ों से होकर भारतीय सीमा क्षेत्र में बहने वाली भौरहियां नदी, चंदन नदी, झरही उर्फ प्यास नदी उफान पर हो गया था। दो दिनों से मौसम साफ होने से अब नदियों का जलस्तर कम होने लगा है। वहीं लक्ष्मीपुर खुर्द गांव के पश्चिम चंदन नदी के पूर्वी छोर भारत नेपाल बार्डर पर बांध नहीं बनने से चंदन नदी ओवर फ्लो होकर बाढ़ का पानी लक्ष्मीपुर खुर्द गांव के सिवान को जलमग्न कर दिया और किसानों के खेत में लगे धान की फसल बाढ़ के पानी में डूब गया। मंगलवार को पानी में डूबे फसल देख किसानों की चिंता बढ़ गई। इशा मोहम्मद, देवेंद्र यादव, भीम साहनी, अनील यादव, राजाराम, राम अवध, राजन सहानी आदि ने बताया की लक्ष्मीपुर खुर्द से गड़ौरा जाने वाले मार्ग से बाढ़ का पानी उतर गया है लेकिन खेत जलमग्न होने से चिंता बढ़ गई है।