सिसवा बाजार। क्षेत्र पंचायत सदस्य ने स्थानीय बीआरसी पर नियुक्त एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी पर धन उगाही का आरोप लगाया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य राजन विश्वकर्मा ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि छह वर्षों से सिसवा बीआरसी पर तैनात एक आउट सोर्सिंग कर्मचारी शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत मुफ्त शिक्षा के लिए पात्र बच्चों को दरकिनार कर अपात्रों से 20 हजार लेकर नामांकन कराने का कार्य कर रहा है, जबकि मुफ्त शिक्षा के लिए सिर्फ गरीब छात्र ही पात्र हैं। शिकायतकर्ता ने कर्मचारी के इस कृत्य में अधिकारियों की भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संदर्भ में बीईओ बंशीधर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।