महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोहवल में आबादी की जमीन पर मस्जिद निर्माण होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। मंगलवार की सुबह सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध जताया। उन्होंने इसकी शिकायत तहसीलदार सदर के साथ ही पुलिस से भी की। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ग विशेष द्वारा ग्राम सभा में विवाद की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीण राजेश यादव, जटाशंकर मिश्रा, अरूण, रामकेश, राजकुमार गुप्ता, रामचंद्र, कृपाशंकर, अनिरूद्ध, कौशलेश व अन्य ने बताया कि ग्राम सभा के बीचों-बीच आबादी की भूमि है। उक्त भूमि पर गांव के ही एक व्यक्ति का कब्जा था। कुछ दिनों पहले उक्त जमीन पर मस्जिद का निर्माण शुरू करा दिया गया। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को सूचना दी। मौके पर दर्जनों लोगों के साथ ग्राम प्रधान पहुंचें और निर्माण रोकने के लिए कहा। उस दौरान निर्माणकर्ता ने बताया कि वह अपना घर बनवा रहा है। इधर कुछ दिनों से उक्त जमीन पर बने निर्माणाधीन मकान में सामूहिक रूप से धार्मिक कार्य किया जाने लगा है। जिसे देखकर दूसरे समुदाय के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। तहसीलदार सदर पंकज शाही ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।