महराजगंज। माध्यमिक स्कूल व महाविद्यालयों में अब पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई के साथ भविष्य और कॅरिअर निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगार परक प्रशिक्षण कोर्स की जानकारी दी जाएगी।इससे वह समय रहते अपने कॅरिअर की दिशा तय कर सकेंगे।
सेवायोजन विभाग की ओर से इस पहल की तैयारी की जा रही है। जिला सेवायोजन अधिकारी ईशान प्रकाश के मुताबिक तय रूपरेखा में विद्यार्थियों को यह जानकारी दी जाएगी कि किस क्षेत्र में भविष्य में बेहतर अवसर और रोजगार की संभावना हैं। इसके लिए माध्यमिक और स्नातक स्तर पर पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यशाला की योजना बनाई गई है। उन्होंने जानकारी क्रम में बताया कि शासन स्तर से इस रूपरेखा पर विचार किया जा रहा है। जिस सेक्टर में रोजगार क्षेत्र की संभावनाएं अधिक हैं युवाओं को उसी क्षेत्र में रोजगार परक शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। अभी आधिकारिक निर्देश शासन स्तर से नहीं जारी हुए, लेकिन विभाग डीआईओएस आफिस व उच्च शिक्षा के क्षेत्रीय कार्यालय से इसपर वार्ता कर तैयारी पूरी कर रहा है।
-
संवाद से खुलेगी तरक्की की राह
- आईटीआई के नोडल प्राचार्य मसूद इसरत ने बताया कि सेवायोजन अधिकारी की तरफ से संवाद के सहारे इस कार्य योजना को सफल बनाने की तैयारी है। इसमें उनके अलावा डीआईओएस, नोडल राजकीय पालीटेक्निक प्राचार्य, डायट प्राचार्य, कौशल विकास समन्वयक से विभाग सहयोग ले रहा। माध्यमिक विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर जाकर सेवायोजन विभाग विद्यार्थियों से भी सीधा संवाद स्थापित करेगा जिससे रुचि और योग्यता के मुताबिक कॅरिअर क्षेत्र बताए जा सकें।