ऑनलाइन परीक्षा देंगे माधोनगर आईटीआई के विद्यार्थी
महराजगंज। राज्य व्यवसायिक प्रशिक्षण परिषद के तहत प्रवेश लेने वाले आईटीआई माधोनगर के 75 प्रशिक्षणार्थी अब ऑनलाइन परीक्षा देंगे। वार्षिक परीक्षा को ऑनलाइन तरीके से देने में कोई असुविधा न हो इसके लिए विद्यार्थियों का माक टेस्ट भी कराया जा रहा है। राज्य व्यवसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) द्वारा माधोनगर आईटीआई में 75 प्रशिक्षणार्थियों का विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश है।
परिषद के संयुक्त निदेशक ने प्रशिक्षणार्थियों की वार्षिक परीक्षा को ऑनलाइन प्रणाली से कराने का निर्णय लिया है। मुख्य परीक्षा के समय प्रशिक्षणार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए आवश्यक है कि उन्हें पहले से ही इसकी जानकारी देते हुए अभ्यास करा लिया जाए। संयुक्त निदेशक के निर्देश के उपरांत माधोनगर आईटीआई के जिम्मेदारों ने प्रशिक्षणार्थियों को कंप्यूटर पर ऑनलाइन परीक्षा देने संबंधी जानकारी देनी प्रारंभ कर दी है। आईटीआई के प्रधानाचार्य मनीष पाल ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों को इसकी जानकारी दी जा रही है।
रोलनंबर व जन्मतिथि दर्ज कर देनी होगी परीक्षा
राज्य व्यवसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट पर पहले प्रशिक्षणार्थियों द्वारा रोल नंबर दर्ज किया जाएगा तथा उसके उपरांत अपनी जन्मतिथि अंकित कर साइट खोल कर ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी।