कोरोना से एक की मौत, 64 लोग पॉजिटिव मिले
महराजगंज। कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 64 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा पहले से संक्रमित छह लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
जिले में अब तक कोरोना के कुल 3341 मामले सामने आ चुके हैं। 2470 सक्रिय मामले हैं। 835 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि शुक्रवार को 2377 नमूनों की जांच हुई। 2798 नमूने की रिपोर्ट निगेटिव आई। शुक्रवार को 64 लोग पॉजिटिव मिले।
उनमें बृजमनगंज के सात, धानी के दो, घुघली के तीन, लक्ष्मीपुर के दो, महराजगंज के 12, मिठौरा के छह, नौतनवां का एक, निचलौल के सात, पनियरा के दो, परतारवल के छह, फरेंदा के 12 और अन्य स्थानों के चार लोग संक्रमित हैं। अब तक 51598 नमूनों की जांच हो चुकी है। 1489 लोग होम आइसोलेशन में हैं।