एक रात में दो घरों में सेंधमारी कर नकदी व जेवर चोरी
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोल्हुआ में मंगलवार की रात चोरों ने दो घरों में सेंधमारी कर नकदी व जेवर निकाल ले गए।
पीड़ित परिवार वालों ने थानाध्यक्ष कोठीभार को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार की रात ग्राम सभा निवासी ताहिर अली के घर में चोरों ने सेंधमारी कर हजारों का सामान निकाल ले गए। ताहिर अली पत्नी सकीरून निशा बरामदे में पहुंची तो नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने शोर मचाया तो ताहिर अली पहुंचे। परिवार के अन्य सदस्य भी कमरे से बाहर निकले तो देखा कि घर के बरामदे में सामान बिखरा पड़ा है। बगल के कमरे में रखा बैग व अटैची गायब था। वहीं, घर के पीछे वाले दरवाजे के अगल-बगल की दीवार में नकब किया गया था। गांव के पीछे नहर की पटरी पर सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। बैग में रखे 50 हजार रुपये नगद, जेवर गायब थे। उसी रात गांव के ही मुन्ना चौधरी के घर में भी चोरों ने सेंधमारी कर जेवर एवं नगदी चुरा ले गए। कोठीभार थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। टीम गठित कर जांच की जाएगी।