अड्डा बाजार। नौतनवा थानांतर्गत संपतिहा-अड्डा पीडब्ल्यूडी मार्ग के मुडेहरा मोड पर बृहस्पतिवार दोपहर 1:30 बजे दो बाइक में आमने-सामने से टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक का रतनपुर सीएचसी में उपचार चल रहा है। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव गजरहीं निवासी साहिल चौहान (36) संपतिहां बरम स्थान के निकट श्मशान घाट से गांव की महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होकर बुलेट से घर लौट रहे थे। उनके पीछे गांव के ही राजेश चौहान (32) बैठे थे। वहीं पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रनियापुर के निकटवर्ती गांव बड़हरी निवासी शहजाद नौतनवा थानांतर्गत बैरवा जंगल गांव में अपनी रिश्तेदारी अपाची बाइक से घर लौट रहे थे।
मुड़ेहरा गांव के निकट मोड़ पर दोनों बाइकों में आमने-सामने से टक्कर हो गई। इसमें साहिल मौके पर ही बेहोश हो गए। उनके मुंह, कान से रक्तस्राव होने लगा। पीछे बैठे राजेश को मामूली चोट लगी, जबकि अपाची सवार शहजाद के सिर में चोट लगी है और हाथ टूट गया है।
संपतिहा चौकी इंचार्ज जयहिंद के अनुसार, सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंचा गया। शहजाद को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि साहिल की गंभीर स्थिति देखकर परिजन निजी साधन से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। दोनों बाइकों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
एक माह पहले मुंबई से घर आए थे साहिल
अड्डा बाजार। शाहिल चौहान की मौत की सूचना पर गांव में कोहराम मच गया। पिता परशुराम मां, बच्चे, बहने, पूरा परिवार दहाड़े मारकर रो रहा था, जबकि पत्नी गुड़िया, भाई सूरज, बहनोई घायल शाहिल को लेकर साथ गोरखपुर गई थी। तीन शादीशुदा बहनों के अलावा शाहिल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। सभी की शादी हो चुकी है। दो बेटे अंकित (10) और रवि (07) हैं। नौतनवा ब्लाॅक प्रमुख राकेश मद्धेशिया भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप सिंह सूचना पाकर तत्काल साहिल के घर पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाया। फ्लाइट से आज ही जाना था। मित्र दुर्गेश विश्वकर्मा ने बताया दो साल तक सऊदी में रहकर वहां से लौटने के बाद शाहिल साल भर से मुंबई मे रोजी कमाने लगे थे। एक महीना पूर्व मुंबई से घर आए थे। मंगलवार को मुंबई जा रहे थे। आज शाम को उन्हें फ्लाइट से मुंबई जाना था। घर पहुंचने से पूर्व रास्ते में ही दुर्घटना हो गई। संवाद