- बालक और होमगार्ड की हालत गंभीर, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। कस्बे के महराजगंज मार्ग पर छतरी चौराहे पर दो मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौत हो गई, जबकि बालक और होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के नैनसर जगन्नाथपुर निवासी संजय चौहान (32) अपने पुत्र राहुल (7) के साथ बाइक से फरेंदा क्षेत्र के मथुरानगर अपनी बहन के घर जा रहे थे। अभी छतरी चौराहे पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें दूसरे बाइक पर सवार होमगार्ड गोविंद (35) निवासी ताल्ही पुरंदरपुर भी घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां पर इलाज के दौरान संजय चौहान की मौत हो गई। वहीं, राहुल और गोविंद को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
इधर, युवक के मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पेंटिंग के काम के सिलसिले में बहन के घर जा रहे थे संजय
फरेंदा। कस्बे के छतरी चौराहे पर दो बाइक की टक्कर में संजय की मौत से पूरा माहौल गमगीन हो गया है। वह पेंटिंग का काम करते थे। शनिवार को मथुरानगर में बहन के वहां पेंटिंग के काम के सिलसिले में जा रहे थे। रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। पति की मौत व बेटा के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना पत्नी अन्नू को मिली तो वह बेसुध हो गई। महिलाएं पानी की छींटे मार कर होश में लाने का प्रयास कर रही थी। वहीं, मृतक की मां शाति देवी बेटे की मौत की सूचना पर बदहवाश हो गईं। पिता रामलौटन बेटे के शव को एकटक निहार रहे थे।
फरेंदा थाने में तैनात हैं होमगार्ड गोविंद
दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में घायल होमगार्ड गोविंद फरेंदा थाने में तैनात हैं। वह ड्यूटी के सिलसिले में फरेंदा आ रहे थे। जहां पर हादसे का शिकार हो गए। उनके घायल होने की सूचना मिलते ही परिजन पहुंच गए।
बिना हेलमेट की यात्रा बन रही जानलेवा
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में बिना हेलमेट की यात्रा करना जानलेवा साबित हो रहा है। युवकों का आए दिन बाइक दुर्घटना में मौत हो रही है। हेलमेट पहनने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाता है, लेकिन युवा बातों की अनदेखी कर रहे हैं। जिसका परिणाम है कि दुर्घटना में उनकी मौत हो रही है।