खनुआ। सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी हरदीडाली के जवानों ने बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर नेपाल सीमा के पास से छह बोरी यूरिया खाद के साथ एक आरोपी को पकड़ लिया। एसएसबी ने जब्त की गई छह बोरी यूरिया खाद, दो बाइकों के साथ पकड़े गए जितेंद्र गुप्ता को अग्रिम कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम को सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह सशस्त्र सीमा बल बीओपी हरदीडाली के सहायक कमांडेंट आदित्य जायसवाल को विशेष सूत्रों से सूचना मिली कि कुछ लोग हरदीडाली गांव के पास पगडंडी के रास्ते भारत से नेपाल में खाद की तस्करी करने वाले हैं। उन्होंने टीम गठित कर चिह्नित स्थान के लिए रवाना कर दिया। जवानों को पगडंडी के रास्ते दो बाइक आती हुई दिखाई दी। जवानों को सामने पाकर एक चालक बाइक और उस पर लदी 3 बोरी यूरिया खाद छोड़कर भागने में सफल रहा। जबकि जवानों ने दूसरे बाइक चालक को दौड़ाकर दबोच लिया।