निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बहुआर कला में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने तस्कर को 90 सीसी नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी नेपाल से साइकिल पर बोरा लादकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था।
बीओपी एसएसबी झुलनीपुर के सहायक उपनिरीक्षक शिवपूजन प्रसाद के अनुसार, टीम सीमा स्तंभ संख्या 500 के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से एक तस्कर साइकिल पर बोरा लादकर भारत की ओर आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह साइकिल छोड़कर भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रेमलाल निवासी करमहिया थाना निचलौल बताया। बोरे की तलाशी लेने पर 90 शीशी नेपाली शराब बरामद हुई।
एसएसबी ने बरामद शराब, साइकिल और आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए बहुआर पुलिस चौकी को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।