नौतनवा। उपनिबंधक का तबादला न होने के विरोध में रेवेन्यू बार एसोसिएशन के कनिष्ठ उपाध्यक्ष एवं किसान नेता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला ने 20 अप्रैल को आत्मदाह करने की चेतावनी दी। चेतावनी के बाद अब प्रशासनिक अमले में हड़कंप का माहौल है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर शनिवार को सहायक महानिरीक्षक निबंधन आलोक शुक्ला नौतनवां तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला को लिखित रूप से पत्र सौंप यह आश्वस्त किया कि उपनिबंधक संदीप गौड़ के स्थानांतरण की कार्रवाई चल रही है। जल्द ही निश्चित रूप से उन्हें नौतनवां से हटा दिया जाएगा। काफी मान-मन्नौवल पर अधिवक्ता शुक्ला ने आश्वासन पर अमल करते हुए आत्मदाह के निर्णय को फिलहाल स्थगित करने की बात कही, तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वहीं अधिवक्ता का कहना है कि फिलहाल आत्मदाह का फैसला कुछ दिनों के लिए स्थगित किया गया है, लेकिन धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा।्