समन्वय बनाकर सीमा पर घुसपैठ रोकने के प्रयास पर बनी सहमति
सोनौली (महराजगंज)। कस्बे के एक होटल में भारत-नेपाल के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक हुई। इस दौरान सीमा पर सुरक्षा को लेकर चर्चा के साथ ही घुसपैठ रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर विचार-विमर्श हुआ। सुरक्षा संबंधी मसले पर दोनों देशों के अधिकारियों ने सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर चर्चा की।
कोरोना की वजह से सीमा सील है, जिससे किसी को आने-जाने की छूट नहीं है। जिन्हें नेपाल के प्रशासन से अनुमति मिलती है, सिर्फ उन्हें ही प्रवेश मिल पाता है। रविवार को हुई बैठक के दौरान सोनौली बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा, तस्करी और घुसपैठ को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई पर सहमति बनी है। एसडीएम नौतनवां प्रमोद कुमार ने बताया कि सीमा पर शांति व्यवस्था बनाने के साथ आपसी सहयोग की जरूरत पर विशेष रूप से चर्चा हुई है।
उन्होंने कहा कि सीमा पर कोई समस्या भी होने पर आपस में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने में समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और एसएसबी के जवान सतर्क हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में प्रत्येक हलचल पर सुरक्षा कर्मियों की नजर है। खासकर पगडंडियों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
इस मौके पर एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट संजय प्रसाद, कोतवाल सोनौली आशुतोष कुमार सिंह, कस्टम अधीक्षक सीवी सिंह, ईओ राजनाथ यादव, बेलहिया इंस्पेक्टर ईश्वरी अधिकारी, नेपाल एपीएफ प्रभारी विजय थापा आदि मौजूद रहे।