सिंदुरिया से शिकारपुर मार्ग पर सड़क के बीच लगा विद्युत पोल।
महराजगंज। सड़क पर पोल कहीं दुर्घटना का कारण बन रहे हैं तो कहीं निर्माण में अवरोध पैदा कर रहे हैं। बीते माह कई दुर्घटनाएं पोल से टकराने के कारण हुईं। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने गंभीरता नहीं बरती।
चाहे निर्माणाधीन सड़क हो या बन चुकी, हर जगह पोल सड़क के दायरे में हैं। कई जगह तो सफेद पट्टी के करीब बिजली के पोल लगे हैं। वहीं निर्माणाधीन ठूठीबारी हाईवे दायरे में तमाम बिजली के पोल आ रहे हैं।
शनिवार को सिंदुरिया से सिसवा मार्ग पर आगे जाने के बाद पकड़ियार बुजुर्ग के पास सड़क से बेहद करीब बिजली का पोल नजर आया। यहां मिले दिनेश कहने लगे की सड़क से गुजरने के दौरान दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बीते दिन की बात करें तो अचानक बाइक के सामने एक छुट्टा पशु आने से बाइक चालक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गया था। गनीमत रहा की उसे गंभीर चोट नहीं लगी। वह हेलमेट पहने हुए था और बाइक की गति भी सामान्य थी। पकड़ियार बुजुर्ग से थोड़ा आगे बढ़ने पर साइकिल से आ रहे रामप्रीत कहने लगे की सड़क तो किसी तरह से बन रही है, लेकिन पोल को किनारे करने में जिम्मेदार रुचि नहीं ले रहे हैं। चिउटहा के पास मंदिर के सामने सड़क से सटकर पोल है।
यहां बैठे जवाहर प्रसाद कहने लगे की पोल को सड़क से किनारे होना चाहिए, इससे दुर्घटना होने की आशंका कम रहती है। पता नहीं कब तक पोल हटेगा। इस सड़क के अलावा सिंदुरिया चौराहे से शिकारपुर जाने वाले रोड पर भी यही हाल दिखा। मोहनापुर के पास तो सड़क के हिस्से में झाड़ी के अलावा पोल भी हैं। यहां भी कई हादसे हो चुके हैं। मोहनापुर के वीरेंद्र ने बताया कि सड़क तो बन चुकी है, लेकिन पोल हटाने में जिम्मेदार रुचि नहीं ले रहे हैं। इस रोड के अलावा निर्माणाधीन हाईवे पर तो तेजी से काम नहीं हो पा रहा है। यहां तो बिजली पोल के अलावा निर्माणाधीन नाली के बीच में ही पेड़ है।
महराजगंज से ठूठीबारी बाॅर्डर तक बिजली के पोल मिठौरा, गडौरा, निचलौल में हटाए जा चुके हैं। लोगों के अनुसार, अन्य स्थानों पर अभी नहीं हटाया गया है, इससे निर्माण में तेजी नहीं आ रही है।