महराजगंज। राजकीय कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब विज्ञान व गणित की बेहतर तरीके से शिक्षा दी जाएगी। 29 विद्यालयों को गणित व विज्ञान किट उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही इनके प्रयोग के लिए विशेष पुस्तिका भी दी गई है। शिक्षक इस किट के जरिए विद्यार्थियों को प्रयोग करने के तौर तरीके सिखाकर उन्हें निपुण करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय ने बताया कि माध्यमिक स्तरीय की शिक्षा को विज्ञान परक बनाने के उद्देश्य से यह किट दी गई है। उन्होंने बताया कि यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में पहले ही एनसीईआरटी द्वारा तैयार किया गया पाठ्यक्रम लागू है। वर्तमान पाठ्यक्रम में गणित और विज्ञान वर्ग के छात्र छात्राओं द्वारा नित नए वैज्ञानिक नवाचार को बढ़ावा देने में यह किट काफी मददगार साबित होगी। विज्ञान-गणित किट जहां एक ओर छात्र/छात्राओं को आसानी से प्रायोगिक कार्य करने की सुविधा देगी। वहीं पोर्टेबल विज्ञान किट द्वारा हाईटेक प्रयोगशालाओं में कम सामग्री खर्च करके पाठ्यक्रम के सभी चैप्टर्स को समझने की राह भी आसान करेगा। एक विज्ञान किट में (भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान) शामिल है। गणित व विज्ञान किट से विद्यार्थियों की अपने विषय पर पकड़ मजबूत होगी। वह गहराई से विषय को समझकर ज्ञान अर्जित कर सकेंगे।