महराजगंज। जिले के सभी हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर डेंगू और हार्मोन संबंधी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोगों को घर के नजदीक ही जांच की सुविधा मिल जाएगी।
जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 192 हेल्थ वेलनेस सेंटर संचालित हैं। इन सभी केंद्रों पर आधुनिक जांच सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से स्थापित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस नई व्यवस्था के तहत डेंगू की पहचान के लिए एनएस 1 एंटीजन, एलाइजा और प्लेटलेट काउंट जैसी महत्वपूर्ण जांचों की व्यवस्था की जा रही है। यह जांचें पहले केवल जिला अस्पताल उपलब्ध थी। हार्मोस असंतुलन से जुड़ी समस्याएं जैसे थकान, वजन बढ़ना, मासिक धर्म की अनियमितता, बांझपन आदि अब समय रहते पहचानी जा सकेंगी।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि अब हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर मुफ्त में जांच सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे समय रहते रोग की पहचान की जा सकेगी। संवाद