महराजगंज। वायरल बुखार या अन्य संक्रमण की जांच के लिए अब बभनौली गांव के लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों या फिर जिला अस्पताल में आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गांव के ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बभनौली पर मरीजों की सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) जांच हो सकेगी। भविष्य में सभी पीएचसी पर सीबीससी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बभनौली माफी मुजुरी में यह सुविधा जल्द ही शुरू की जाएगी। पीएचसी में मरीजों के खून का नमूना लेकर सीबीसी जांच की जाएगी। सीबीसी जांच के जरिए वायरल बुखार, मलेरिया, टायफाइड, संक्रमण या रक्त की कमी जैसी बीमारियों का प्रारंभिक पता लगाया जा सकेगा। वर्तमान में बभनौली पीएचसी पर फार्मासिस्ट सतेंद्र कुमार, नवीन जायसवाल, एक वार्ड बॉय और एक एएनएम की तैनाती है। रोजाना 30 से 50 मरीज ओपीडी में आते हैं। अधिकांश को जांच के लिए निजी अस्पतालों या फिर पनियरा पीएचसी या जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता है।