नौतनवां-गोरखपुर रूट पर बढ़ी पैसेंजर ट्रेन
नौतनवां ( महराजगंज)। कम किराए में सुगम यातायात का आनंद लेने वाले यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से राहत भरी खबर है। कोरोना काल के बाद से ही नेपाल की छोर में बसे नौतनवां रेलवे स्टेशन की तरफ ट्रेनों के संचालन को लेकर टेढ़ी हुई रेलवे की नजरें अब सीधी होती जान पड़ रही है। नौतनवां-गोरखपुर रूट पर पहले महज एक पैसेंजर ट्रेन के संचालन से परेशानियों का सामना कर रहे यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने इस रूट पर सोमवार से एक और पैसेंजर ट्रेन बढ़ा दी है। स्टेशन अधीक्षक नौतनवां जफरे आलम ने बताया कि नौतनवां-गोरखपुर रूट पर एक और पैसेंजर ट्रेन के संचालन को अनुमति मिली है। यह पैसेंजर ट्रेन सोमवार की सुबह 6:10 बजे गोरखपुर से चलकर करीब 8:30 बजे नौतनवां रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी और यहां से 9:40 पर चलकर नकहा रेलवे स्टेशन तक जाएगी। उन्होंने बताया कि वापस नकहा स्टेशन से यह ट्रेन 2:30 बजे चलकर 5 बजे नौतनवां रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी और यहां से फिर शाम को 6:50 बजे गोरखपुर रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान करेगी।