महराजगंज। सरकारी धन का बंदरबांट के आरोप में पंचायतीराज विभाग के सचिव को जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम प्रधान व तीन सचिवों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निचलौल विकासखंड के सिंहपुर निवासी मनोज कुमार तिवारी ने नोटरी व शपथपत्र देकर ग्राम पंचायत भारत खंड में वर्ष 2021-22 के दौरान छठ वेदी निर्माण, पायका भवन निर्माण, स्टेज निर्माण, हैंडपंप रिबोर, ग्राम सचिवालय मरम्मत व प्राथमिक स्कूल की मरम्मत आदि मदों में बिना काम कराए ही सरकारी धन निकालने का आरोप लगाया था। इसपर प्रमुख सचिव ने महराजगंज डीएम, मुख्य विकास अधिकारी व जिला पंचायतीराज अधिकारी को पत्र जारी किया था। प्रमुख सचिव के पत्र व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने पकड़ी भारत खंड के प्रधान सुनील कुमार गुप्ता, तत्कालीन सचिव रहे कृष्ण कुमार, दीप्ति जायसवाल व वर्तमान सचिव पवन मद्धेशिया को नोटिस जारी करते हुए एडीओ पंचायत के माध्यम से आख्या व साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।