सड़क दुर्घटना में एक युवक की हो गई थी मौत
महराजगंज। एनएच 730 पर हुई दो कार की टक्कर के मामले में एक कार स्वामी को एआरटीओ कार्यालय ने सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।एनएच 730 महराजगंज-गोरखपुर हाईवे पर 12 फरवरी को दो कार की टक्कर में भटगांवा निवासी शाहरुख की मौत हो गई और दो घायल हुए थे। दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए एआरटीओ मनोज सिंह ने एक कारम मालिक आलम हुसैन के नाम नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, जिस कार को नोटिस जारी की गई वह श्यामदेउरवा थानाक्षेत्र में संचालित आलम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल की थी। स्कूल संचालक आलम हुसैन भटगांवा के शाहरुख (30) को सिखा रहे थे। एनएच पर तरकुलवा तिवारी फैक्ट्री से वाहन मोड़ते समय गोरखपुर की तरफ से आ रही एक कार से भिड़ंत हो गई थी। हादसे में कार चालक गोरखपुर के विनय गुप्ता और आलम हुसैन व वाहन शाहरुख तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शाहरुख की बीआरडी ले जाते समय मौत हो गई थी। अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था।
मामले में सिखाने वाले चालक के नाम नोटिस जारी कर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का पंजीकरण प्रपत्र, एनओसी, अल्टो की आरसी, बीमा, फिटनेस सहित अन्य सभी प्रपत्रों को लेकर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्जन
एनएच पर हुई दुर्घटना में कार स्वामी को नोटिस भेजकर जरूरी प्रपत्रों के साथ उपस्थित होने के निर्देश हैं। प्रपत्रों की जांच के बाद कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। -मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ, महराजगंज