महराजगंज। शिक्षक भर्ती के मामले में न्यायालय में उपस्थित न होना महराजगंज बीएसए को भारी पड़ गया। हाईकोर्ट ने बीएसए के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी कर महराजगंज पुलिस को उन्हें उपस्थित करने के निर्देश दिए।
निर्देश के क्रम में बीएसए दफ्तर में पुलिस पहुंच गई, लेकिन कोर्ट की निर्धारित तिथि 20 दिसंबर ही थी और पुलिस उन्हें लेकर बृहस्पतिवार को ही कोर्ट के सम्मुख उपस्थित नहीं हो सकती। इसे देखते हुए पुलिस ने कोर्ट से अगली तारीख तक का समय मांग लिया।
अब अगली तारीख को जिले की पुलिस उन्हें लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में उपस्थित होगी। सूत्रों की माने तो मामला 69 हजार सहायक शिक्षकों की भर्ती से जुड़ा बताया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2018-2019 में जनपद में 1553 शिक्षकों की भर्ती हुई। इसमें मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप है।
बहरहाल, सदर कोतवाल सत्येंद्र राय के अनुसार निर्देश बिलंब से मिला जिसके कारण कोर्ट से अगली तारीख तक समय देने का निवेदन किया, जिसे कोर्ट ने मंजूर किया। अगली तारीख को बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ पुलिस कोर्ट में उपस्थित होगी। ू