महराजगंज। जिले में निराश्रित गोवंश को शत-प्रतिशत संरक्षित किए जाने और उनके भरण-पोषण के संबंध में किए जा रहे कार्यों के प्रभावी कियान्वयन और अनुश्रवण को लेकर जिले का निरीक्षण करने आए विशेष सचिव सिंचाई व जल संसाधन विभाग डॉ. हीरालाल ने बृहस्पतिवार को जिले के विभिन्न गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। नगर के चिउरहां स्थित काजी हाउस के निरीक्षण में पशुओं के खाने के लिए हरा चारा उपलब्ध न होने पर विशेष सचिव ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की जमकर क्लास लगाई।
उन्होंने कहा कि हमें न बताए कि पशुओं को खिलाया क्या जाता है, किसान परिवार से हूं पशुओं के बारे में सब जानता हूं। इस तरह की लापरवाही ठीक नहीं हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर हाल में पशुओं के लिए हरे चारे का प्रबंध सुनिश्चित कराएं। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. यूएन सिंह, बीडीओ सदर चंद्रशेखर कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।