महराजगंज। जनपद के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव राजस्व, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन पी गुरुप्रसाद ने तहसील सदर और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील सदर में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालय सहित नवनिर्मित लोकवाणी का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने पत्रावलियों व विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने निरीक्षण के पुराने लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया कि पैमाइश, नामांतरण, बंटवारा, अकृषि भूमि आदि के वादों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के स्टोर की गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की और एक माह में साफ-सफाई करवाते हुए व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने कार्यालय में नमूना रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ग्रेड-ll और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी से नमूनों के जांच की तकनीकी की जानकारी ली। निर्देशित किया कि अरहर की दाल के नमूनों के परिणाम को झांसी से जल्द से जल्द प्राप्त कर फेल मिलने वाले नमूनों में त्वरित कार्रवाई करें। इस दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ग्रेड-ll महराजगंज बृजेंद्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।