निकाय चुनाव : नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नामित
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी की अधिकारियों की संशोधित सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के दो नगर पालिका व आठ नगर पंचायतों में निकाय चुनाव को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारी व सहायक नोडल अधिकारी को तैनात करते हुए उनके कार्यों का निर्धारण कर दिया है। पहले जारी की गई सूची में संशोधन करते हुए जहां कुछ अधिकारियों को दूसरी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, कुछ लोगों को नए सिरे से कार्य करने के लिए लगाया गया है।
मतदान कार्मिक व्यवस्था के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। पोस्टल बैलेट व मतपत्र व्यवस्था के लिए बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को नोडल व दो चकबंदी व दो सहायक चकबंदी अधिकारी को सहायक नोडल बनाया गया है।
यात्रा भत्ता, वेबकास्टिंग व व्यय अनुवीक्षण टीम के लिए मुख्य कोषाधिकारी को नोडल व वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। शिकायत प्रकोष्ठ व नियंत्रण कक्ष में सहायक निबंधक सहकारिता को नोडल तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी व अपर सांख्यिकी अधिकारी को सहायक नोडल के रूप में तैनात किया गया है। आदर्श आचार संहिता व कानून व्यवस्था के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल तथा सभी उप जिलाधिकारी को सहायक नोडल बनाया गया है।
टेंट फर्नीचर व्यवस्था के लिए अधिशासी अभियंता को मिला दायित्व
टेंट फर्नीचर व्यवस्था के लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड को नोडल तथा तीन अवर अभियंता, एसडीओ विद्युत निगम व सभी अधिशासी अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। परिवहन व्यवस्था के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को नोडल व एआरटीओ व जिला पूर्ति अधिकारी को सहायक नोडल बनाया गया है। वीडियोग्राफी व वेबकास्टिंग के लिए डीपीआरओ को नोडल तथा एडीपीआरओ व डीपीएम को सहायक नोडल, चिकित्सा व्यवस्था के लिए सीएमओ को नोडल व एसीएमओ को सहायक नोडल, प्रेक्षक व्यवस्था के लिए जिला आबकारी अधिकारी को नोडल व तहसीलदार, सहायक अभियंता सिंचाई खंड प्रथम व सभी सब रजिस्ट्रार को सहायक नोडल बनाया गया है। खानपान व पेयजल व्यवस्था के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल तथा खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी व वरिष्ठ निरीक्षक खाद्य को सहायक नोडल बनाया गया है।
-------
निकाय चुनाव के लिए नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों को तैनात कर दिया गया है। सभी को अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वाह करने के निर्देश दिए गए हैं।
-सत्येंद्र कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी